अभिलेखागार विभाग, हरियाणा द्वारा ऐतिहासिक एवं दुर्लभ अभिलेखों की प्रदर्शनी का आयोजन
Chandigarh (sehajdhara bureau), 02 September:

अभिलेखागार विभाग, हरियाणा द्वारा सिविल सचिवालय, सेक्टर-1, चंडीगढ़ में ऐतिहासिक एवं दुर्लभ अभिलेखों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के योगदान, त्याग एवं बलिदान की गौरवगाथाओं को जन-जन तक पहुँचाना तथा नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से अवगत कराना रहा। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं दुर्लभ अभिलेखों, दस्तावेजों एवं अन्य महत्वपूर्ण सामग्री को प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी के माध्यम से यह भी दर्शाया गया कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं का भी अत्यंत महत्वपूर्ण एवं उल्लेखनीय योगदान रहा है। देश की अनेक वीरांगनाओं ने स्वतंत्रता प्राप्ति के संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाई तथा अपने साहस, त्याग और बलिदान से स्वतंत्रता आंदोलन को सशक्त बनाया। प्रदर्शनी में महिलाओं के इस महत्वपूर्ण योगदान को भी अभिलेखों एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में हरियाणा के इतिहास तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों को भी प्रदर्शित किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य आगंतुकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर ऐतिहासिक दस्तावेजों और दुर्लभ अभिलेखों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अभिलेखागार विभाग, हरियाणा द्वारा ऐतिहासिक अभिलेखों के संरक्षण, संवर्धन एवं भावी पीढ़ियों तक इस अमूल्य धरोहर को पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस प्रकार की प्रदर्शनियां देश एवं प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।